राजभवन में बॉर्डर एरिया यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम का आयोजन

राज्यपाल ने युवाओं को सशक्त करने और राष्ट्र प्रेम को बढ़ावा देने का आह्वान

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन में आयोजित बॉर्डर एरिया यूथ एक्सचेंज कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने नेहरू युवा केंद्र संगठन की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन युवाओं को सशक्त बनाने और उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत :
राज्यपाल ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं, और उनकी ऊर्जा व सकारात्मक सोच देश के भविष्य को आकार देती है। उन्होंने इस कार्यक्रम को एक अनूठा मंच बताया, जहां सीमावर्ती क्षेत्रों के युवा एकजुट होकर सांस्कृतिक भिन्नताओं को कम करते हैं और राष्ट्रीय गौरव की भावना को बढ़ावा देते हैं।

हिमाचल की सामरिक भूमिका :
राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश को देवभूमि और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य बताते हुए कहा कि यहां के जवानों और सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का योगदान राष्ट्र की सुरक्षा और अखंडता में अद्वितीय है। इस तरह के कार्यक्रम न केवल उनके बलिदानों को जानने का अवसर प्रदान करते हैं, बल्कि उनकी अदम्य साहस की कहानियों को भी उजागर करते हैं।

‘अनेकता में एकता’ का संदेश :
कार्यक्रम में भाग ले रहे युवाओं को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने उन्हें एक-दूसरे के अनुभवों को साझा करने और ‘अनेकता में एकता’ की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विभिन्न राज्यों के युवाओं को न केवल सीखने का, बल्कि नए मित्र बनाने का भी अवसर प्रदान करता है।

नशामुक्त भारत की पहल :
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए नशामुक्त भारत की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और इसे एक जन आंदोलन बनाने का संदेश दिया।

विशेष सहभागिता :
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने हिस्सा लिया। नेहरू युवा केंद्र संगठन की निदेशक ईरा प्रभात ने राज्यपाल का स्वागत किया और कार्यक्रम की जानकारी दी। जिला युवा अधिकारी मनीषा शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया । इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।