Loading...

राज्य को PMGSY चरण-4 के तहत पुरानी सड़कों की मरम्मत की अनुमति : विक्रमादित्य सिंह

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 25 Dec 2024, 7:58 PM | Updated: 25 Dec 2024, 7:58 PM 1 min read

Himachalnow / शिमला

प्रदेश में 1000-1500 किलोमीटर सड़कों की मेटलिंग को मिलेगी सहायता

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के तहत हिमाचल प्रदेश में नई सड़कों के साथ पुरानी खराब सड़कों की मेटलिंग के आग्रह को मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय राज्य सरकार के विशेष आग्रह के बाद लिया गया, जिसके लिए केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया गया।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस अनुमति से राज्य में लगभग 1000-1500 किलोमीटर सड़कों के मेटलिंग कार्य को बल मिलेगा। इससे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी और यह योजना ग्रामीण इलाकों के विकास में बड़ी भूमिका निभाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल की बर्फबारी के कारण बाधित सड़कों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। अधिकांश बाधित सड़कों को समयबद्ध तरीके से खोला जा चुका है। बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में कार्यबल और मशीनरी तैनात की गई है ताकि पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान सड़कों की स्थिति बेहतर बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। यह प्रयास किया जा रहा है कि पर्यटकों को आकर्षक अनुभव प्रदान किया जाए और राज्य के ग्रामीण इलाकों का बेहतर कनेक्टिविटी से विकास हो।