रामपुर बुशहर में चिट्टे के साथ गिरफ्तार किए चार युवक
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में रामपुर बुशहर के खोलीघाट में पुलिस ने चार युवकों को 204.68 ग्राम चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों की पहचान राकेश कुमार (34) निवासी गांव व डाकघर रतनाड़ी, तहसील कोटखाई, जिला शिमला, विवेक चौहान (35) निवासी गांव कनरोटी, डाकघर रतनाड़ी, तहसील कोटखाई, जिला शिमला, डोमेश्वर दत्त निवासी गांव जेल, डाकघर जच्छ, तहसील गोहर, जिला मंडी और अमित गुप्ता (39) निवासी गांव व डाकघर विष्णुपुर, जिला बेगुसराय, बिहार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना ननखड़ी की टीम क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इस दौरान उन्होंने एक जीप को जांच के लिए रोका। जिसके बाद उन्होंने शक के आधार पर जीप सवार चार युवकों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 204.68 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा द्वारा मामले की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।