राशन पोर्टेबिलिटी स्कीम के तहत अब किसी भी डिपो में राशन ले सकेंगे उपभोक्ता
HNN/ शिमला
प्रदेश के साढ़े 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं के लिए एक अच्छी खबर है। प्रदेश में पोर्टेबिलिटी स्कीम के तहत अब राज्य तथा बाहरी राज्यों के लोग अब किसी भी डिपो से सस्ता राशन ले सकेंगे। हालाँकि पोर्टेबिलिटी स्कीम को लागु किये हुए तीन साल से अधिक हो गए है परन्तु सॉफ्टवेयर की कमी तथा कुछ तकनीकी कारणों की वजह से इसे पूरी तरह से लागू करने में दिक्कतें आ रही थी।
लेकिन अब सरकार ने इसे पुरे प्रदेश में सख्ती से लागू करने की तैयारियां पूरी कर ली है। बता दें कि फ़िलहाल यह योजना जिले की कुछ एक डिपुओं में ही चल रही है। लेकिन अब सरकार ने प्रत्येक डिपो होल्डर को इसे सख्ती से लागू करने के आदेश पारित किये हैं। यदि कोई डिपो होल्डर राशन देने के लिए आनाकानी करता है तो उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है जिस पर वे डिपो होल्डर के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
उपभोक्ता 0177-2622732 और मोबाइल नंबर 94184-53013 पर शिकायत कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि हिमाचल के कई डिपो में ऑन ट्रायल इस योजना को शुरू किया गया। साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में कुछ उपभोक्ताओं के राशनकार्डों में कुछ त्रुटियां भी पाई गई हैं। ऐसे में विभाग की ओर से इन्हें राशन नहीं दिया गया। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने यह आदेश जारी किए हैं और उपभोक्ताओं को जल्द ही यह त्रुटियां सुधारने के भी निर्देश दिए हैं।