Loading...

राष्ट्रपति निवास छराबड़ा में भी अब टौर के पत्तल में परोसी जाएगी धाम

Ankita • 23 Jul 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

राष्ट्रपति निवास छराबड़ा में भ्रमण पर आने वाले सरकारी स्कूल के छात्रों को हरे पत्ती वाले टौर के पत्तल में धाम परोसी जाएगी। हाल ही में शिमला के तारादेवी मंदिर में टौर के पत्तल पर लंगर परोसने की शुरूआत हो चुकी है। राष्ट्रपति निवास छराबड़ा से संबंधित विभिन्न विषयों को लेकर आयोजित बैठक में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि प्रशासन की ओर से जिला के मंदिरों में टौर के पत्तलों में लंगर परोसने की शुरूआत की जा चुकी है।

उन्होंने इसकी सराहाना की और इसी कड़ी में राष्ट्रपति निवास छराबड़ा में भ्रमण पर आने वाले सरकारी स्कूल के बच्चों को भी पत्तलों में धाम परोसने की शुरुआत करने की बात कही। उपायुक्त ने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से राष्ट्रपति निवास को टौर के पत्तों से बने पत्तल उपलब्ध करवा दिए जाएंगे, जिससे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की अर्थिकी भी सुदृढ़ होगी।

प्रबंधक राष्ट्रपति निवास छराबड़ा संजू डोगरा ने कहा कि अभी तक राष्ट्रपति निवास छराबड़ा में भ्रमण पर आने वाले सरकारी स्कूल के बच्चों को राष्ट्रपति निवास द्वारा धाम परोसी जाती है। उन्होंने बताया कि अभी तक धाम कागज के पत्तलों में परोसी जाती थी, जिसे अब टौर के पत्तलों में परोसा जाएगा। उन्होंने कहा कि इन पत्तलों का निष्पादन आसान होता है और इससे पर्यावरण पर भी कोई विपरीत असर नहीं पड़ेगा।

चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट को 15 दिन में राष्ट्रपति निवास का कराएं दौरा
उपायुक्त ने बाल देखभाल संस्थान के सभी बच्चों को आगामी 15 दिनों में राष्ट्रपति निवास का दौरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ़ द स्टेट का दर्जा दिया गया है, जिसके तहत सरकार ही उन बच्चों के माता-पिता हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को मुख्यधारा में लाने में यह एक सराहनीय कदम होगा।