राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाया खोखा, निशानदेही में निकली सरकारी जमीन
HNN / बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के मंगरोट में धर्मशाला-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखे खोखे को चार दिन बाद प्रशासन ने हटा दिया है। प्रशासन ने रविवार को हाईवे की निशानदेही करवाई, इसमें यह जमीन सरकारी निकली। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्यवाही करते हुए खोखे को हटाकर इसे अपने कब्जे में ले लिया है।
इतना ही नही एनएच पर खोखा रखकर हाईवे को बाधित करने के मामले में व्यक्ति की मां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि हाईवे पर खोखा रखने वाले राजनकांत ने कागजों में यह जमीन उनकी होने का दावा किया था, कहा था कि कागजों में राष्ट्रीय राजमार्ग कहीं और से है।
इसकी जानकारी लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन को भी दी है कि जहां खोखा रखा है, वह जमीन कागजों में उनकी है। इसी खोखे से उनके परिवार की रोजी रोटी चलती है। उधर, रविवार को सदर तहसीलदार ने एसडीएम रामेश्वर दास की देखरेख में हाईवे की निशानदेही की, इसमें जमीन सरकारी निकली।