रिहायशी मकान चढ़ा आग की भेंट, सारा सामान जलकर राख
HNN/ सोलन
परवाणू के निकटवर्ती शिल्लू गांव में एक रिहायशी मकान जलकर राख हो गया है। आगजनी की इस घटना में पीड़ित परिवार को लगभग 7 लाख रूपए का नुक्सान हुआ है जिसमें घर के अंदर रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया है। बता दें, यह मकान कसौली तहसील के अंतर्गत शिल्लू गांव के रहने वाले लायक राम का था।
बताया जा रहा है कि मकान में शार्ट सर्किट के कारण अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को चपेट में ले लिया। जब तक परिवार के सदस्य कुछ कर पाते तब तक लकड़ी से बने इस मकान के 5 कमरे जलकर राख हो चुके थे।
आगजनी की इस घटना में लकड़ी की सीलिंग, फर्नीचर, तीन एलईडी टीवी, गद्दे, रजाईयां, दरिया, बिजली की वायरिंग, अनाज व घर में रखा अन्य घरेलु सामान आग की भेंट चढ़ गया। मकान के जलने से लायक राम का परिवार भी बेघर हो गया है।