Loading...

रुचिरा पेपर्स के एमडी उमेश गर्ग का निधन, काला अंब औद्योगिक क्षेत्र में शोक की लहर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 23 Jan 2026 Edited 23 Jan 1 min read

काला अंब औद्योगिक क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपति और रुचिरा पेपर्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर के निधन से प्रदेश के उद्योग जगत को गहरा आघात पहुंचा है। उनके जाने से गत्ता और कागज उद्योग ने एक अनुभवी नेतृत्वकर्ता को खो दिया है।

सिरमौर/काला अंब

पंचकूला में ली अंतिम सांस

जिला सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र काला अंब स्थित रुचिरा पेपर्स लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर उमेश चंदर गर्ग का शुक्रवार सुबह पंचकूला के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। बताया गया कि उन्होंने सुबह करीब 6:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही काला अंब औद्योगिक क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

कागज उद्योग के सशक्त स्तंभ थे उमेश गर्ग

उमेश गर्ग गत्ता और कागज उद्योग के स्थापित नामों में गिने जाते थे। उनके नेतृत्व में रुचिरा पेपर्स ने न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त पहचान बनाई। काला अंब औद्योगिक क्षेत्र के विकास, विस्तार और औद्योगिक स्थायित्व में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

रोजगार और औद्योगिक अनुशासन को दी दिशा

उद्योग जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि उमेश गर्ग का जाना केवल एक उद्योगपति का निधन नहीं, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र के एक मजबूत स्तंभ का गिर जाना है। उनके मार्गदर्शन में कई औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन मिला और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़े। गुणवत्ता, अनुशासन और दीर्घकालिक सोच उनके कार्यशैली की पहचान रही।

उद्योग जगत ने जताया गहरा शोक

उनके निधन पर वैरव इंडस्ट्री के एमडी मनोज गर्ग, जय भारत सरिया के एमडी सुरेंद्र जैन, एल्जन फार्मा के एमडी संजीव भाटिया, सन वेट फार्मा के प्रमुख अतुल गर्ग ,प्रमुख उद्योगपति विनोज शर्मा, सी.एस. पुष्करणा, संजय आहूजा, साबू ग्रुप के पवन सैनी सहित अनेक उद्योगपतियों और सामाजिक हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने इसे प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।

शुक्रवार को होगा अंतिम संस्कार

परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवंगत उद्योगपति का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दोपहर 4 बजे यमुना जी घाट स्थित श्मशान भूमि में किया जाएगा। वे अपने पीछे पत्नी शशि गर्ग, पुत्र-पुत्रवधू और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।