Loading...

रूखड़ी के तुलाराम और संजय की ईमानदारी के कायल हुए लोग

PARUL • 18 Apr 2024 • 1 Min Read

पर्स सहित मोबाइल और नकद धनराशि लौटाने पहुंचे नाहन

HNN/नाहन

जिला सिरमौर के लोगों में ईमानदारी जिंदा है। इस बात का सबूत यहां के लोग कई बार दे चुके हैं। ताजातरीन मामले में रुखड़ी गांव के लोगों ने एक महिला के पैसों से भरे पर्स को लौटाकर अपनी ईमानदारी का परिचय दिया है।

दरअसल, विक्रमबाग की महिला मंजू देवी का पर्स नाहन के समीप दो सड़का के पास कहीं खो गया था। पर्स में 10,000 रूपये की नकदी के साथ एक मोबाइल और आधार कार्ड जैसे कई दस्तावेज भी थे। महिला को अपना पर्स खोने का पता तब चला जब वह घर के पास पहुंचीं।

इसके बाद वह पर्स खोजने दोसड़का के पास उस स्थल पर पहुंचे, जहां वह गाड़ी से बाहर निकले थे। लेकिन यहां पर्स नहीं मिला। मंजू देवी मोबाइल और दस्तावेज खोने से ज्यादा परेशान हो गईं। इसी बीच उनके परिजन को किसी ने फोन पर सूचित किया कि पर्स उनके पास है।

इसके बाद रूखडी के तुलाराम और संजय पर्स लेकर नाहन के एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे और उन्हें पर्स लौटा दिया। इसमें सभी तरह के दस्तावेज, नकदी और मोबाइल भी था। बता दें कि रूखड़ी नाहन-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर शंभूवाला गांव के साथ सटा है।

महिला के देवर रोहित पंडित ने बताया कि रूखड़ी के लोगों ने ईमानदारी की मिसाल पेश की है। उन्होंने उनकी भाभी का खोया हुआ पर्स नाहन में लौटाया। इसके लिए उन्होंने दोनों युवकों का आभार जताया।