रेट में राहत देती बड़ा चौक नाहन की सब्जियां, दिल्ली गेट पर लुट रहे ग्राहक
दिल्ली गेट पर लोकल सब्जियों के नाम पर बिक रही हरियाणा, यूपी की सब्जियां
HNN/ नाहन
तमाम व्यवस्थाएं बहाल होने के बावजूद नाहन में फल और सब्जियों के दामों पर प्रशासन का कंट्रोल नहीं है। फल और सब्जियों के नाम पर केवल बड़ा चौक में ही भारी रियायती दामों पर ताजी सब्जियां मिल रही है। अब यदि बात की जाए लोकल फार वोकल की तो दिल्ली गेट पर बैठे सब्जी विक्रेता लोकल सब्जियों के नाम पर हरियाणा, पंजाब और यूपी की सब्जियां मनमाने दामों पर बेच रहे हैं।

यही नहीं अधिकतर सब्जी विक्रेताओं की फडियों पर सब्जी और फलों की रेट लिस्ट भी गायब है। हैरानी तो इस बात की है कि जो टमाटर सोलन और पावंटा साहिब की सब्जी मंडी में 6 से 10 रुपए किलो है वह टमाटर दिल्ली गेट पर सब्जी विक्रेता 40 से 50 रुपए किलो बेच रहे हैं। जबकि बड़े चौक के सब्जी विक्रेता बेहतर किस्म का टमाटर 25 से 30 रुपए किलो बेच रहे हैं।
सीजनल सब्जियों में भिंडी, कद्दू और तोरी बड़े चौक में 20 रुपए किलो बिक रही है जबकि दिल्ली गेट के सब्जी विक्रेता 40-50 और 60 रुपए किलो बेच रहे हैं। अब आपको बता दें कि दिल्ली गेट पर बैठे सब्जी विक्रेताओं में केवल उन्हें ही परमिशन प्रशासन की ओर से स्वीकृत की गई है जो स्थानीय किसान हैं। जिन्हें प्रशासन के द्वारा लोकल सब्जियों और किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली गेट पर जगह दी गई थी।
यही नहीं नगर परिषद की ओर से भी इन्हें 100 रुपए प्रतिदिन की पर्ची पर सस्ती जगह उपलब्ध कराई गई है। बावजूद इसके यहां पर लोकल सब्जियों के नाम पर प्लेन क्षेत्र की सब्जियां भारी और मन माने दामों पर बेची जा रही है। सब्जियों आदि के दामों पर रेट कंट्रोल न होने के कारण इन सब्जी विक्रेताओं ने लूट का धंधा अपना रखा है। हैरानी तो इस बात की है कि इन मनमाने दामों को लेकर प्रशासन भी आंखें मूंदे बैठा है।