Loading...

गिरिनगर–पॉलिटेक्निक सड़क निर्माण में अनियमितताओं की हो निष्पक्ष जांच : बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

करोड़ों रुपये की बर्बादी और जनता की परेशानी का लगाया आरोप, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गिरिनगर रोड से पॉलिटेक्निक तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी निष्पक्ष तकनीकी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को कहा कि रामपुर भारापुर पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला, जिसमें जिला परिषद सदस्य भगवान दास, पंचायत प्रधान रजनीश, उपप्रधान बलदेव, बीडीसी सदस्य दीपक सहित कई ग्रामीण शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क निर्माण में कथित अनियमितताओं और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को बार-बार उखाड़ने, भराई करने और टाइलें बिछाने के बाद फिर उन्हें हटाने जैसी प्रक्रिया से करोड़ों रुपये व्यर्थ खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह सब किसके निर्देश पर और किस उद्देश्य से किया जा रहा है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

डॉ. बिंदल ने कहा कि अव्यवस्थित निर्माण कार्य के कारण आसपास के घरों में मिट्टी भर गई है, लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और जगह-जगह पानी जमा होने से आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता को परेशानी में डाला जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराया गया है तथा मौके का निरीक्षण, तकनीकी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो भाजपा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन करेगी।

Related Topics: