रैला के जंगल में लगी आग, वन संपदा हुई जलकर राख
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में देवगढ़ गोही बीट के रैला जंगल में अचानक आग लगने से वनस्पतियों के साथ वन संपदा को काफी अधिक नुकसान हुआ है। आग लगने से वन संपदा जलकर राख हो गई है। हालांकि लक्ष्मी नारायण महिला मंडल रैला, लक्ष्मी युवा क्लब रैला के एक दल ने आग पर काबू करने की पूरी कोशिश की। लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। जिस कारण आग पर काबू नहीं पाया गया।
लक्ष्मी नारायण महिला मंडल रैला की प्रधान उर्मिला ठाकुर ने बताया कि रविवार सुबह किसी ने जंगल में आग लगा दी। उन्होंने बताया कि महिला मंडल, लक्ष्मी युवा क्लब के 10 सदस्यों की टीम ने अपनी जान को जोखिम में डालते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की।
लेकिन जंगल में सूखी घास होने के चलते आग तेज हवाओं के कारण ज्यादा फैल गई। वहीं महिला मंडल की उपप्रधान टीकम दासी ने लोगों से कहा कि वनों में आग न लगाएं, इससे वन संपदा को भारी नुकसान होता है।