रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) ऊना में मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण सम्पन्न,35 प्रतिभागियों को दिए गए प्रमाण पत्र
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
ऊना में आरसेटी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें 35 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। संस्थान ने प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए ऋण सुविधा और अन्य योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी घोषणा की गई।
ऊना
जिला ऊना में पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में आयोजित 10 दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त 35 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सभी प्रतिभागी परीक्षा में उत्तीर्ण रहे।संस्थान के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए, उन्हें मशरूम उत्पादन के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रशिक्षार्थी आवश्यकता पड़ने पर बैंक से कम ब्याज दरों पर ऋण सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं। इस दौरान आरबीआई के वित्तीय सलाहकार राजकुमार डोगरा ने भी प्रतिभागियों से संवाद किया।
निदेशक ने प्रतिभागियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए।उन्होंने बताया कि संस्थान में शीघ्र ही ब्यूटी पार्लर प्रबंधन का निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसमें 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक व्यक्ति भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, दोपहर का भोजन और चाय-पानी की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी, जबकि दूर-दराज से आने वाले प्रतिभागियों के लिए रहने और रात्रि भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।कार्यक्रम में रजनी वाला और ग्राम सचिव राजकुमार भी उपस्थित रहे।