बारिश के साथ-साथ पाइप लाइन फटने से बर्बाद हुई सारी जमीन और धंस गई सड़कें
HNN/ नाहन
नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धगेड़ा पंचायत के रोज बेंदली(खरकडी) गांव के फौजी परिवार पर रोजी रोटी का संकट आ खड़ा हुआ है। इस संकट की बड़ी वजह भारी बारिश के साथ साथ जल शक्ति विभाग की गिरि योजना वाली बड़ी पाइपलाइन बनी है। भारी बारिश के जल तांडव और पाइप लाइन के टूट जाने से निकले लाखों लीटर पानी ने परिवार की सारी कृषि जमीन को तहस-नहस कर दिया है।

यही नहीं बारिश और पाइप के पानी ने नीचे की ओर से गुजर रही लोक निर्माण विभाग की सड़क को भी भारी क्षति पहुंचा दी है। रोड के बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण नाहन से वाया रामाधौन होकर धगेड़ा जाने वाली बस भी बीते 1 सप्ताह से नहीं जा पा रही है। हैरान कर देने वाली बात तो यह है कि नीचे से गुजरने वाली सड़क रामा गांव जोकि रामाधौन पंचायत में पड़ता है उस सड़क को लोक निर्माण विभाग कछुआ गति से ठीक करने की कोशिश कर रहा है।

इस बाबत जब लोक निर्माण विभाग नाहन के एसडीओ आलोक से बात की गई तो उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि इस समस्या की बाबत विधायक अजय सोलंकी ने उन्हें जल्द से जल्द सड़क को बहाल करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 2 दिन के अंदर इस सड़क को बस की आवाजाही हेतु दुरुस्त कर दिया जाएगा। वही बारिश और आईपीएच की पाइपलाइन से हुए नुकसान के बाद जब लोगों का आक्रोश सरकार और प्रशासन के खिलाफ निकला तो मीडिया की टीम भी वहां मौके पर पहुंची थी।

इस परिवार के सदस्य सेवानिवृत्त फौजी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि इस पाइपलाइन को नाहन ले जाने के दौरान गांव के अन्य लोगों के द्वारा मना ही कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि हमने लोगों की परेशानी और विभाग की बेबसी को ध्यान में रखते हुए अपनी कृषि योग्य जमीन से लाइन को गुजारने की इजाजत भी दी थी। उन्होंने कहा कि यह लाइन ऐसी जगह से उतारी गई जहां पहले से ही जमीन नरम थी।

देवेंद्र शर्मा ने कहा कि इस बार जब भारी बारिश के साथ-साथ लैंडस्लाइड होने के चलते यह पाइपलाइन भी टूट गई। देवेंद्र शर्मा ने बताया कि बारिश के साथ साथ टूटी हुई पाइप से 50 फुट से भी ऊंचाई तक लाखों लीटर पानी कई घंटे तक बहता रहा। जिसके चलते उनकी लगभग सारी कृषि योग्य जमीन पानी में बह जाने के कारण बंजर हो गई है।

यही नहीं जमीन में पानी भर जाने के चलते घर तक एक लंबी दरार भी खुल गई है। उन्होंने मौके पर ही आईपीएच विभाग के अधिकारियों और गांव के लोगों के बीच यह बात भी कही कि यदि इस लाइन को कहीं और से शिफ्ट ना किया गया और यदि यह लाइन फिर से टूट गई तो उनका घर भी जमींदोज हो सकता है।
मौके पर पहुंचे रामा और रोज बेंदली गांव के लोगों में शामिल रमेश चंद, जगदीश, मस्तराम, राजेश, पुनीत शर्मा आदि ने प्रशासन के खिलाफ जमकर गुबार भी निकाला। इन लोगों ने बताया कि इस बार भारी बारिश के चलते उनकी जमीन और मकानों को भारी नुकसान हुआ है बावजूद इसके कोई भी रेवेन्यू अधिकारी उनके नुकसान का आंकलन करने नहीं पहुंचा है। इन लोगों ने यह भी कहा कि पटवारी महोदय ने व्हाट्सएप पर फोटो मंगवाई थी। यहां हैरान कर देने वाली बात है कि संभवत पटवारी इतने काबिल है कि फोटो देख कर ही नुकसान का आंकलन कर लेते हैं यह बड़ा हैरान कर देने वाला विषय बना है।
वही आईपीएच विभाग नाहन के एसडीओ जोगिंदर सिंह ने मौके पर लोगों की समस्या को जायज माना। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी इस समस्या का समाधान इस लाइन को दूसरी जगह से शिफ्ट किए जाने से ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि मौके की वास्तु स्थिति से आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आला अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इसके टेंडर लगाकर नई पाइपलाइन दूसरी जगह से शिफ्ट कर दी जाएगी।
वही ग्राम के उप प्रधान बिट्टू ठाकुर जो कि मौके पर ही मौजूद थे उन्होंने बताया कि गांव में रमेश चंद, जगदीश, मस्तराम, राजेश, पुनीत शर्मा आदि के घरों और जमीनों को भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इस नुकसान की बाबत 2 सप्ताह पहले पटवारी को सूचित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि सूचना दिए जाने के बावजूद पटवारी मौका निरीक्षण करने नहीं आए बल्कि उन्होंने फोटो व्हाट्सएप पर मंगाई थी।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं होता है तो वह गांव से लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल लेकर उपायुक्त सिरमौर और विधायक से मिलेंगे। वही गांव की इस समस्या की बाबत जब स्थानीय विधायक अजय सोलंकी को पता चला तो उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को तुरंत मौका निरीक्षण करने के साथ समस्या का हल जल्द से जल्द करने के आदेश भी दिए।
अजय सोलंकी ने कहा कि उन्हें सड़क के बारे में जानकारी मिली थी जिसको लेकर उन्होंने विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़क दुरुस्त करने के आदेश दे दिए थे। विधायक ने यह भी कहा कि इस बार पूरे प्रदेश सहित क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। हर गांव व शहर नुकसान से परेशान है। उन्होंने कहा कि वह खुद हर आपदा वाले तथा नुकसान वाले ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि फौजी परिवार की समस्या के बारे में भी उन्हें जैसे ही सूचना मिली उन्होंने तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को मौका निरीक्षण करने के लिए कहा है।

