मिस्टर इंडिया की अंगूठी उतार कर विधायक सोलंकी जनता के बीच जाएं- मनीष चौहान
मनीष बोले- गारंटीयां नहीं फिलहाल बिजली पानी और सड़क करें बहाल, नहीं तो होंगे धरने प्रदर्शन
HNN/ नाहन
मिस्टर इंडिया की अंगूठी उतार कर विधायक अजय सोलंकी जनता के बीच जाएं। उनके सुख-दुख बांटे। नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता आपदा से त्रस्त हैं और विधायक मिस्टर इंडिया की तरह गायब हैं। कभी-कभार सोशल मीडिया पर ही दिखाई देते हैं।

यह बात नाहन में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश भाजपा सचिव मनीष चौहान ने कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सड़क, बिजली, पेयजल की समस्या से नाहन विधानसभा क्षेत्र के लोग जूझ रहे हैं। लेकिन सरकार, स्थानीय विधायक और प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है। नाहन शहर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
लोगों को तीसरे दिन भी मुश्किल से पानी नसीब नहीं हो रहा है। दो सप्ताह से यही हाल है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर पहले की तरह पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो भाजपा आंदोलन का रास्ता भी अख्तियार कर सकती है।
उन्होंने कहा कि बरसात में आपदाएं पहले भी आती रही हैं। लेकिन इसके लिए पूर्व में तैयारियां की जाती रही हैं। वर्तमान में राजनीतिक व प्रशासनिक इच्छा शक्ति में कमी होने से नाहन विधानसभा की जनता मुश्किल की इस घड़ी में जूझ रही है। मनीष चौहान ने कहा कि विभागों के कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर पेयजल योजनाओं को ठीक करने में लगे हैं।
विभाग की ओर से कोई अधिकारी या सरकार के नुमाइंदे हौसला अफजाई के लिए उनके साथ खड़े नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से जारी 400 करोड़ रुपए की राहत राशि अभी तक लोगों को नहीं मिली पाई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा विधायक एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में गत दस वर्षों में नाहन में सड़क, बिजली और पानी के क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित किए गए हैं।
वर्तमान सरकार व स्थानीय विधायक इनका रखरखाव तक नहीं कर पा रहे हैं। पत्रकार वार्ता जिला भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, नगर परिषद अध्यक्ष श्यामा पुंडीर, पार्षद मधु अत्रि, अशोक विक्रम मौजूद रहे।