रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर हिमपात, मैदानों में छाई रही धुंध

Fresh-snowfall-on-high-peak.jpg

HNN / शिमला

रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर शुक्रवार को हल्का हिमपात हुआ। लाहौल से स्पीति घाटी को जोड़ने वाले कुंजम पास में भी हल्का हिमपात हुआ। हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों मंडी और बिलासपुर के कई क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह और शाम के समय धुंध छाई रही।

वही , तीन और चार दिसंबर को भी धुंध छाई रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बादल छाए रहे। इससे प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो से तीन डिग्री की कमी दर्ज हुई। लाहौल घाटी में रात के समय ठंड से पीने के पानी की पाइपें भी जमने लगी हैं। अटल टनल रोहतांग सहित कोकसर में सैलानियों का जमावड़ा लगा हुआ है। सैलानी बर्फ के बीच खूब मस्ती कर रहे हैं।

मौसम विभाग केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 3 से 8 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।  प्रदेश के कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिले के कुछ भागों में 4 दिसंबर तक धुंध पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।  शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 25.4, बिलासपुर में 22.0, नाहन में 21.0, कांगड़ा में 20.3, हमीरपुर में 20.4, धर्मशाला में 20.0, शिमला में 18.6, कल्पा में 16.0, मनाली में 14.5 और केलांग में 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।