लापता चल रहे युवक का जंगल से बरामद हुआ शव

बिलासपुर में रंगड़ों के काटने से बुजुर्ग की मौत

HNN / चंबा

जिला चंबा के उपमंडल चुराह की सनवाल पंचायत के जंगलों से एक युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय योगेश कुमार पुत्र माधोराम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मृतक के भाइयों ने बताया कि योगेश पिछले काफी दिनों से घर से लापता था और इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाना किहार में दर्ज करवाई थी।

इसके साथ ही वे अपने स्तर पर भी तलाश कर रहे थे किन्तु उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। वही , बीते कल मक्कन गांव के लोग जब रूपाणी धार जंगल में सूखी लकड़ी लेने गए हुए थे, तो उन्होंने इस दौरान एक शव देखा, जो किसी युवक का था। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस थाना तीसा को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। जब युवक की शिनाख्त की गई तो वह योगेश का पाया गया।

मृतक के भाइयों के बयान के आधार पर पुलिस ने 174 के तहत मामला दर्ज किया। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी तीसा मनोज कौंडल ने की है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लिया गया है। आज शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।