लोक सेवा आयोग ने सैट का शेड्यूल किया जारी, इस दिन होगी परीक्षा….
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने स्टेट एलीजिबिलिटी टैस्ट-2023 (सैट) का फाइनल शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 28 अप्रैल को आयोजित होगी। 2 सत्रों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा का पहला पेपर सुबह 11 से 12 बजे तक होगा। इस पेपर के लिए उम्मीदवारों को सुबह 10 बजे परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
इसके बाद दूसरा पेपर दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक आयोजित होगा। इस परीक्षा के लिए उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। एडमिट कार्ड लोक सेवा आयोग की संबंधित वैबसाइट पर जाकर डाऊनलोड किए जा सकते हैं। परीक्षा की सूचना जारी करते हुए लोक सेवा आयोग ने साफ किया है कि एक बार परीक्षा केंद्र आबंटित करने के बाद उसे बदला नहीं जाएगा।
लोक सेवा आयोग के सचिव देवेंद्र कुमार रत्तन ने कहा कि स्क्रीनिंग टैस्ट में बैठने से पहले उम्मीदवार एडमिट कार्ड डाऊनलोड कर इसके साथ जारी दिशा-निर्देशों को पढ़ लें। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित अन्य कोई जानकारी प्राप्त करने के लिए उम्मीदवार आयोग के कार्यालय में दूरभाष पर संपर्क कर सकते हैं।