लांझणी में जल्द चलेगी सुबह-शाम बस, जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
लांझणी क्षेत्र के लोगों की आवागमन संबंधी परेशानी दूर करने के लिए जल्द ही सुबह और शाम बस सेवा शुरू की जाएगी। शाहपुर के विधायक एवं उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने क्षेत्र में लोगों की समस्याएं सुनने के बाद संबंधित विभागों को पेयजल, क्षतिग्रस्त फुटब्रिज और पंचायत घर की भूमि से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

शाहपुर
विधायक केवल सिंह पठानिया ने ग्रामीण विकास विभाग को पंचायत घर की भूमि विभाग के नाम करने से संबंधित सभी औपचारिकताएं एक माह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त फुटब्रिज जल्द ठीक करने को कहा। पठानिया ने अधिकारियों से आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि लांझणी के लोगों की आवागमन संबंधी समस्या को देखते हुए जल्द सुबह और शाम बस सेवा शुरू की जाएगी। पेयजल की समस्या के समाधान के लिए जल शक्ति विभाग को आवश्यक कदम उठाने और लोगों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत प्रधान वनीता देवी ने क्षेत्र की सड़कों, रास्तों और बस सेवा से संबंधित विभिन्न मांगें विधायक के समक्ष रखीं। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू और पूर्व प्रधान बलवीर चौधरी ने भी अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में एचआरटीसी के डीएम पंकज चड्ढा, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, बीडीओ रैत योगेंद्र, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बलवीत दियोलिया, बीडीसी रक्षा देवी, उपप्रधान नानक तथा वार्ड सदस्य विमला, शशि, सीमा देवी, सरला देवी और रमेश उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों, प्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया।