लोगों को नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर– किशोरी लाल

People will not have to make unnecessary rounds of offices - Kishori Lal

HNN / काँगड़ा

प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिये आई है। मुख्य संसदीय सचिव एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के धार चढ़ियार की सलेहरा पंचायत में उनके स्वागत के लिए आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार सुशासन की सरकार है और लोग अपने काम करवाने के लिए अनावश्यक परेशान ना हो इसके लिये उचित व्यवस्था विकसित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गांव की जनता भोली-भाली होती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के कार्य जल्दी होने चाहिए ताकि जनता को बार-बार विभागों के चक्कर न काटने पड़ें। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में एक्स-रे तथा अल्ट्रासाउंड सहित स्वास्थ्य सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए वह कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा केंद्र खुलवाए जाएंगे ताकि हमारे बच्चे आत्मनिर्भर बनें।

उन्होंने कहा कि सरकार ने जो वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सलेहरा के लिए जल्दी ही एक और बस की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सारी मांगों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा तथा उन्हें पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास भी वह करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हिमाचल के विकास के लिए बनी है, गांवों के विकास के लिए बनी है उनके गांव को भी पीछे नहीं छोड़ा जाएगा।