वन मंडल रामपुर की डंसा पंचायत के जंगल में मृत मिले 3 तेंदुए
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के उपमंडल रामपुर की ग्राम पंचायत डंसा के जंगल में 3 तेंदुए मृत अवस्था में मिले हैं। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों तेंदुओं के मृत शरीर को अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तेंदुओं की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
वन विभाग की टीम ने तीनों तेंदुओं के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए वेटरनेरी अस्पताल रामपुर पहुंचाया। तेंदुओं की संदिग्ध मौत होने पर वन विभाग ने एफआईआर दर्ज करवाई है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत डंसा के जंगल में 3 तेंदुए करीब 100-100 मीटर की दूरी पर मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद तेंदुओं के मृत शरीर को पशुपालन विभाग के अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां पर तीनों तेंदुओं का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, जिनकी रिपोर्ट शीघ्र ही वन विभाग को मिलेगी। इसके उपरांत ही तेंदुओं के मरने के कारणों का खुलासा होगा। ग्रामीणों ने आशंका जाहिर की है कि तीनों तेंदुओं की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। डीएफओ हरदेव सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है।