वाहनों चालकों की अब सीएनजी रिफिल करने की चिंता हुई दूर, यहां पर खोले जा रहे……
HNN/मंडी
दिल्ली-चंडीगढ़ से पर्यटन नगरी मनाली आने वाले पर्यटक सीएनजी वाहनों चालकों और मालिकों को अब सीएनजी रिफिल करने की चिंता नहीं रहेगी। इन वाहनों के लिए स्थानीय स्तर पर सीएनजी उपलब्ध रहेगी। बता दें कि चंडीगढ़ से लेकर मनाली तक जगह-जगह सीएनजी स्टेशन खोले जा रहे हैं। ऐसे में सीएनजी का इस्तेमाल कर ही वाहन गंतव्य तक पहुंच पाएंगे। जिससे कि प्रदूषण भी नहीं फैलेगा। मनाली के रांगड़ी में सीएनजी स्टेशन शुरू हो गया है।
बता दें कि मंडी और कुल्लू जिले की सीमा पर झीड़ी में जनवरी 2024 से एक सीएनजी स्टेशन चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस तरह वाहनों को लगातार फोरलेन में सीएनजी का विकल्प उपलब्ध रहेगा। दिल्ली और चंडीगढ़ से वाहनों को सीएनजी फुल करवा रहे वाहन यहां भी इसी को भरवा पाएंगे।
रांगड़ी और झीड़ी के अलावा अन्य जगहों में भी सीएनजी स्टेशन स्थापित करने के लिए भारत सरकार की ओर से अधिकृत नेचुरल गैस वितरण कंपनी गैसोनेट साइट की तलाश कर रही है। ऐसे में फोरलेन हिस्से में जगह-जगह आने वाले दिनों में पेट्रोल पंप के साथ सीएनजी स्टेशन भी देखने को मिलेंगे। इससे हिमाचल में भी सीएनजी आधारित वाहनों का इस्तेमाल बढ़ सकता है।