विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं अधिकारी, समयबद्ध लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा की, विधायक अजय सोलंकी ने विकास कार्यों में समन्वय पर दिया जोर
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
उद्योग, संसदीय मामले तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बुधवार को नाहन स्थित बचत भवन में जिला योजना, विकास एवं 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नाहन के विधायक अजय सोलंकी, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा सहित कार्यक्रम के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिला सिरमौर में विभिन्न विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उन्होंने गैर-सरकारी सदस्यों से भी योजनाओं की निगरानी में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सके और कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
अजय सोलंकी ने विकास कार्यों में समन्वय पर दिया जोर
विधायक अजय सोलंकी ने बैठक में विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और विकास कार्यों की नियमित निगरानी आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
भूमिहीन परिवारों को भूमि पट्टे, श्रम विभाग ने किए 115 निरीक्षण
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2026-27 के दौरान जिला सिरमौर में आठ भूमिहीन परिवारों को भूमि के पट्टे प्रदान किए गए। जिला श्रम कार्यालय ने विभिन्न उद्योगों में 115 निरीक्षण किए, जिनमें 56 मामलों में अनियमितताएं सामने आईं। विभाग के अनुसार, सभी 56 मामलों में पाई गई अनियमितताओं को दुरुस्त कर दिया गया है।
खाद्यान्न आवंटन और आवास योजनाओं की समीक्षा
लोक वितरण प्रणाली के तहत वर्ष 2026-27 में जिला सिरमौर के लिए कुल 13,719 मीट्रिक टन खाद्यान्न आवंटित किया गया। इसमें अंत्योदय अन्न योजना के तहत 6,308 मीट्रिक टन तथा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवारों के लिए 1,080 मीट्रिक टन खाद्यान्न शामिल है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2024-25 में जिले के 8,191 परिवारों को गृह निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि वर्ष 2025-26 में 179 परिवारों को आवास निर्माण की स्वीकृति मिली। योजना के अंतर्गत 1,779 अनुसूचित जाति तथा 119 अनुसूचित जनजाति के परिवारों को लाभान्वित किया गया है।
स्वच्छता अभियान के तहत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय निर्माण में वर्ष 2025-26 के दौरान 79 और वर्ष 2026-27 में 120 शौचालयों का निर्माण किया गया।
588 हेक्टेयर भूमि पर रोपे 4.84 लाख पौधे
वन विभाग ने जिला सिरमौर में 588 हेक्टेयर भूमि पर 4,84,700 पौधे रोपित किए हैं। वहीं, विद्युत विभाग ने वर्ष 2026-27 में जिले में 240.96 मिलियन यूनिट बिजली वितरित की। बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता कपटा ने किया।