विद्यार्थी स्वच्छता प्रहरी बन कर करें कार्य, समाज और देश को मिलेगा लाभ- उपायुक्त
उपायुक्त सुमित खिमटा ने कुष्ट रोगियों को बांटे कंबल और फल
HNN/ नाहन
गांधी जयंती के अवसर पर उपायुक्त सुमित खिमटा ने डा. यशवंत सिंह परमार मैडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचकर रोगियों को फल भी वितरित किये। उन्होंने अस्पताल परिसर में कुष्ट रोगियों को कंबल और फल भी वितरित किये। उन्होंने वार्ड में भर्ती रोगियों का कुशल क्षेम भी पूछा।
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि सभी विद्यार्थी एक स्वच्छता प्रहरी के रूप में एक नये संकल्प के साथ अपने घर-परिवार, पास-पड़ोस, गांव, शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा रखने के लिए वचनबद्ध होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी वर्ग देश को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
उपायुक्त सुमित खिमटा सोमवार को राजकीय शमेशर व.मा.पा.नाहन के प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 154वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभागियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नगर परिषद और पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह है कि सभी मिलकर अपने शहर और गांव को स्वच्छ रखने का संकल्प लें।
सभी पंचायत प्रतिनिधि उपलब्ध जल स्रोतों की समय पर साफ सफाई करें, गांव के खेल मैदान, गांव के चौपाल, गांव के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में योगदान दें। सुमित खिमटा ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी स्वच्छता के पुजारी थे और उन्होंने स्वच्छता को अपने जीवन का ध्येय बनाया और भारत को स्वच्छ बनाने का सपना देखा।
उन्होंने कहा कि गांधी जी ने कहा था कि हम सबको स्वच्छता को जीवन का आचरण इस प्रकार बनाना चाहिए जिससे स्वच्छता हमारी अनिवार्य दिनचर्या में शामिल हो जाये। गांधी जी ने शौचालयों की सफाई पर विशेष जोर देते हुये स्वच्छता को अपने अपने जीवन का अनिवार्य अंग बनाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी स्वच्छता से जुड़ा हुआ विषय है, हमें स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अपना सहयोग करना चाहिए।
प्लास्टिक के इस्तेमाल को हमें अपने दैनिक जीवन से पूरी तरह बाहर रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमने हाल ही में भारी बारिश से आई आपदा में देखा कि प्लास्टिक के कारण शहर की नालिया बंद हो गई, ड्रेनेज चोक हो गये, बारिश के बाद हमें जगह-जगह प्लास्टिक के ढेर ही दिखाई दिये। राजकीय शमशेर छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के विद्यार्थी नितिश तथा कन्या वरिष्ठ मा.पा. नाहन की छात्रा रेणुका शर्मा ने गांधी जी के जीवन पर आधारित अपना सम्बोधन दिया।
रा. शमशेर छात्र व.मा. पा. के विद्यार्थियों ने बापू गांधी के प्रिय भजन ‘‘रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीता राम’’ की प्रस्तुती भी दी। उपायुक्त ने अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलवाई।