विधानसभा चुनाव के बीच आबकारी विभाग की बड़ी कार्यवाही, ट्रक से पकड़ा शराब का जखीरा

Excise-departments-big-act.jpg

HNN/ बद्दी

जिला सोलन के बद्दी में आबकारी विभाग की टीम ने देर रात को 2:30 बजे के करीब एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए ट्रक से शराब का जखीरा पकड़ा है। इस दौरान सड़क किनारे खड़े ट्रक की जब तलाशी ली गई तो उसमें से भारी मात्रा में चंडीगढ़ मार्का की शराब की पेटियां बरामद हुई। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी भी तरह की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत आबकारी विभाग अलर्ट मोड पर है। विभाग की टीम दिन-रात मुस्तैदी से अपना कार्य कर रही है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग और चुनाव ड्यूटी के अधिकारियों को पुख्ता सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि घरेड़ मार्ग पर एक ट्रक खड़ा है जिसमें शराब की पेटियां लदी हुई है। पुख्ता सूचना के आधार पर टीमों ने मौके पर दबिश दी और ट्रक की जांच की गई। इस दौरान ट्रक के अंदर चंडीगढ़ मार्का शराब की पेटियां लोड पाई गई।

ट्रक में तक़रीबन 400 के अधिक शराब की पेटियां मौजूद होने का अनुमान लगाया जा रहा है। उधर, उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी बद्दी प्रीतपाल सिंह ने बताया कि शराब की पेटियों से भरा एक ट्रक पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। बताया कि ट्रक में कुल कितनी पेटियां शराब की है इसकी गिनती की जाएगी और ट्रक मालिक से भी पूछताछ की जाएगी।