विवाहिता ने ढांक से छलांग लगाकर की आत्महत्या
HNN ऊना
जिला ऊना में पुलिस थाना गगरेट के तहत फतेहपुर संजाई की एक विवाहिता ने ढांक से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतका की पहचान पूजा देवी पत्नी अशोक कुमार निवासी फतेहपुर संजाई के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
मामले को लेकर मृतक महिला के भाई ने अपने जीजा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए पुलिस के पास शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मृतक महिला के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रजनीश निवासी कुतियाड़ी ने बताया कि उसकी बहन पूजा देवी की शादी करीब 15 वर्ष पहले फतेहपुर संजोई के अशोक कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही बहन को जीजा अशोक कुमार तंग करने लग पड़ा था।
जीजा शराब के नशे में बहन पूजा देवी को मानसिक व शारीरिक तौर पर परेशान करता था और न ही खर्चा देता था। रजनीश ने आरोप लगाया कि गत शनिवार की रात को जीजा की प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन पूजा देवी ने ढांक से छलांग लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली।
डीएसपी अंब वसूधा सुद ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। साथ ही मृतक महिला के भाई की शिकायत पर मृतका के पति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।