Loading...

वीजा फ्रॉड / जिला ऊना में 14 युवकों से विदेश भेजने के नाम पर ठगी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Aug 2025 • 1 Min Read

वीजा फ्रॉड : जिला ऊना में वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर 14 युवकों से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

शिकायतकर्ता का आरोप
गांव अजनौली निवासी शिव कुमार ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई कि अंकित जरयाल, जो अपने माता-पिता के साथ कोटला कलां में किराए के मकान में रहता है, विदेश भेजने का काम करता है। आरोप है कि उसने अपनी मां के साथ मिलकर 14 लोगों से 4-4 लाख रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से वसूले।

टूरिस्ट वीजा देकर भेजा अज़रबैजान
शिकायत के अनुसार, वर्क वीजा देने के बजाय सभी को टूरिस्ट वीजा भारत में ही दे दिया गया। अज़रबैजान पहुंचने पर जब इन लोगों ने वीजा पर बताई गई कंपनी से संपर्क किया तो वहां कोई कंपनी मौजूद नहीं थी। असहाय हालात में सभी 14 युवक 14 दिन बाद अपनी टिकट खुद खरीदकर भारत लौटे।

पैसे लौटाने का वादा तोड़ा, पुलिस जांच में जुटी
भारत लौटने के बाद आरोपी ने 7 जुलाई 2025 को एक इकरारनामा दिया, जिसमें 30 जुलाई 2025 तक पैसों की वापसी का वादा किया गया, लेकिन आरोपी ने न पैसे लौटाए और न ही फोन उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ऊना ने लोगों से सतर्क रहने और इस प्रकार की एजेंसियों से लेनदेन से पहले पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।