व्यवस्था परिवर्तन में सरकार का बड़ा फैसला, अब बनेगा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं निगम
मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और संस्थानों में दवाएं और उपकरण खरीदे जाएंगे निगम के माध्यम से
HNN/ शिमला
हिमाचल में अब स्वास्थ्य सेवाएं निगम (न्यू हेल्थ सर्विस कॉरपोरेशन) बन गया है। जिसके माध्यम से ही अस्पतालों के लिए दवाओं, उपकरण, मशीनरियों की खरीद-फरोख्त होगी। बता दें इससे सरकारी दुकानों में मरीजों को दवाइयां और उपकरण और भी सस्ते मिल सकेंगे। प्रदेश सरकार की ओर से विशेष स्वास्थ्य सचिव ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
बता दें हिमाचल प्रदेश में छह मेडिकल काॅलेज हैं। इनके अलावा 100 से ज्यादा जोनल अस्पताल, सिविल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। मेडिकल काॅलेज और अस्पताल प्रबंधन अपने स्तर पर दवाइयों की खरीद करते हैं। बाकायदा इसको लेकर टेंडर आमंत्रित किए जाते हैं। मशीनरी और बड़े उपकरण आदि की खरीदारी स्वास्थ्य विभाग करता है।
बता दें आईएएस अधिकारी इस कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक (एमडी) और एचएएस अधिकारी महाप्रबंधक (जीएम) होगा। इनके अलावा दो मैनेजर (वित्त और तकनीक) विधि अधिकारी, मिनिस्ट्रीयल स्टाफ, अकाउंटेंट और जूनियर अकाउंटेंट शामिल हैं। निगम में कुल आठ अधिकारी होंगे। इसके अलावा निगम में आउटसोर्स के माध्यम से भी कर्मचारियों की भर्ती होगी।