श्मशान घाट में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
HNN / सोलन
जिला सोलन के चंबाघाट में श्मशान घाट को जाने वाले रास्ते पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस को जैसे ही इस बारे में जानकारी मिली, उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कुछ बच्चे श्मशान घाट के पास ऊपर बने नाले के समीप खेल रहे थे। इस दौरान एक बच्चे ने नाले में व्यक्ति को पड़ा हुआ देखा, जिसकी सूचना उसने अपने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही कुछ लोग नाले के पास पहुंचे और देखा कि एक व्यक्ति नाले में मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। वहीं, एएसपी अजय कुमार राणा ने बताया कि चंबाघाट के श्मशान घाट की तरफ जाने वाले रास्ते के नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला है। प्राथमिक दृष्टि से यह शव 2 से 3 दिन पुराना है। उन्होंने कहा कि अभी शव की शिनाख्त नहीं हुई है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जाँच कर रही है।