HNN/ श्री रेणुका जी
सिरमौर के वन मंडल रेणुकाजी की उप तहसील हरिपुरधार में कुछ शरारती तत्वों ने सैल के जंगल को आग के हवाले कर दिया। हालांकि वन विभाग और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया है। शरारती तत्वों के इस कारनामे के बाद विभाग भी पूरी तरह से हरकत में आ गया है। आगजनी की इस घटना में 2.30 हेक्टेयर जंगल जलकर राख हुआ है।
बता दें कि न केवल गर्मी में बल्कि सर्दी के मौसम में भी शरारती तत्व जंगलों को आग के हवाले कर देते हैं। कभी कभार इन आग की लपटों पर काबू पाने के दौरान जवानों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिपुरधार के सैल के जंगल में रात के अंधेरे में शरारती तत्वों ने आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और हवा के झोंकों के साथ लपटे आगे फैलने लगी।
जंगल में आग भड़कती देख लोगों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी गई। सूचना मिलने के बाद टीमें घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत बाद आग पर काबू पाया जा सका। वन विभाग के बीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जंगल में भड़की आग पर स्थानीय लोगों के सहयोग से काबू पाया गया है।

