शातिरों ने घर में लगाई सेंध, कंप्यूटर, गैस सिलिंडर सहित अन्य सामान लेकर हुए फरार
HNN/ सोलन
जिला सोलन के धर्मपुर थाना में एक महिला ने चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है। महिला ने शिकायत में कहा है कि वह देहरादून में कार्यरत है। पिछले दिनों उनकी वार्ड मेंबर ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि धर्मपुर स्थित उनके निवास में कुछ गतिविधियां हो रही हैं।
महिला का कहना है कि सूचना मिलते ही उसने कुछ लोगों को अपने घर छानबीन करने भेजा। छानबीन पर पता चला कि इनके घर से किसी ने सेंधमारी करके घर के सामान पर हाथ साफ कर दिया है।
महिला ने बताया कि उनके घर से किसी व्यक्ति ने घर में रखा कंप्यूटर, गैस सिलिंडर, नल इत्यादि चोरी कर लिए हैं। महिला की शिकायत पर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में छानबीन में जुट गई है। मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की है।