शातिरों ने तीन मंदिरों में लगाई सेंध, 57 हजार की नकदी लेकर हुए फरार
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर के उपमंडल बड़सर के अंतर्गत बिझड़ी और चकमोह में चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिरों ने तीन मंदिरों में सेंधमारी कर हज़ारों रूपए की नकदी पर हाथ साफ कर लिया है। इस मामले को लेकर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह जब बिझड़ी के नागेश्वर शिव मंदिर में साफ-सफाई और पूजा अर्चना के लिए लोग पहुंचे तो मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। जब मंदिर के अंदर जांच की गई तो दान पात्र भी टूटा हुआ था और उसमें से चढ़ावे के पैसे गायब थे। इसके अलावा मंदिर के अंदर बने कमरे का ताला भी टूटा हुआ और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
कमरे में रखी नकदी के अलावा चांदी के बर्तन भी गायब थे। मंदिर पुजारी सुरिंद्र शर्मा ने कहा कि मंदिर में निजी काम के लिए रखी 50,000 रुपये की नकदी के अलावा मंदिर में चढ़ावे के 7,000 रुपये भी चोर ले गए हैं। इसके अलावा चकमोह में भी दो मंदिरों में चोरियां हुई हैं।
चकमोह में पंचवटी चौक के अलावा स्कूल के पास बने मंदिर में भी देर रात चोरी की घटनाएं हुई हैं। यहां पर गांव में इन मंदिरों से चढ़ावे की सैकड़ों रुपये चुराए गए हैं। बिझड़ी पुलिस चौकी में तैनात एएसआई अनिल कुमार ने मामले की पुष्टि की है।