Loading...

शाहपुर में 32 लाख की लागत से बनेगा नया रेंज ऑफिस भवन , राजीव गांधी वन संवर्धन योजना को बताया गया भविष्य की दिशा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 6 Apr 2025 • 1 Min Read

शाहपुर

जन भागीदारी से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को मिलेगा नया आयाम : केवल पठानिया

शाहपुर रेंज ऑफिस भवन का शिलान्यास
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में 32 लाख रुपए की लागत से नया रेंज ऑफिस कार्यालय भवन अगले छह माह में तैयार होगा। उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया ने भवन के शिलान्यास के अवसर पर कहा कि वर्ष 1904 से संचालित यह कार्यालय अब जर्जर हो चुका है और इसके स्थान पर नया भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कार्य शाहपुर की जनता के लिए एक बड़ी सौगात है।

राजीव गांधी वन संवर्धन योजना से ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार
केवल पठानिया ने जानकारी दी कि सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना शुरू करने की घोषणा की है, जिसके अंतर्गत 100 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य वन प्रबंधन में जन सहभागिता को बढ़ाना है, जिससे स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल, युवक मंडल व ग्राम स्तरीय वन समितियों को न केवल स्वरोजगार मिलेगा, बल्कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।

वन पारिस्थितिकी तंत्र सुधार में जाईका की भूमिका
उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मंडल के अंतर्गत जाईका द्वारा वित्त पोषित वन पारिस्थितिकी तंत्र प्रबंधन एवं आजीविका सुधार परियोजना के तहत अब तक 20 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। इन समूहों की 227 महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, बुनाई, अचार-चटनी, झाड़ू व अन्य उत्पादों के निर्माण में प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष जोर
केवल पठानिया ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे पारदर्शी तरीके से और निर्धारित समय सीमा में विकास कार्य पूरे करें ताकि पात्र लोगों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने का भी सुझाव दिया ताकि उनके उत्पादों की बिक्री बढ़ सके।

धर्मशाला वन मंडल की उपलब्धियां
डीएफओ धर्मशाला दिनेश शर्मा ने जानकारी दी कि पिछले दो वर्षों में एफआरए के तहत 46 मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने विभाग की अन्य योजनाओं और उपलब्धियों की भी जानकारी साझा की।

स्वयं सहायता समूहों की प्रदर्शनी का अवलोकन
उपमुख्य सचेतक ने कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों द्वारा प्रदर्शित उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

यह रहे उपस्थित
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ऊषा शर्मा, उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, कांग्रेस नेता डीडी शर्मा, कैप्टन जनमेज, सुशील शर्मा, नवनीत शर्मा, विनय, उत्तम चंबियाल, पार्षद निशा शर्मा, राजीव पटियाल, लबलू पाधा, शुभम, आज़ाद, अधिशासी अभियंता अंकज सूद, तहसीलदार दीक्षांत ठाकुर, प्रधानाचार्य अनिल जरयाल, बीईईओ मिंटो देवी, सचिव नप शाहपुर प्रदीप दीक्षित, आरओ सुमित शर्मा सहित कई स्वयं सहायता समूहों के सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।