शिमला के शानन में कार से मिला युवक का शव, मोबाइल और दस्तावेज गायब होने से बढ़ा शक

हिमाचल न्यूज़ | लेटेस्ट हिमाचल न्यूज़

शिमला

राजधानी शिमला के शानन क्षेत्र में एक कार के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान ठियोग तहसील के मालेड़ी निवासी विनोद कंवर (पुत्र लाल सिंह) के रूप में हुई है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कार में अचेत मिला युवक, अस्पताल में हुई मौत
मामले के अनुसार, 8 अक्तूबर की रात शानन के पास स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़ी कार (HR03H-4003) में युवक को अचेत अवस्था में देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और विनोद को इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोबाइल और पर्स गायब, नाक से बह रहा था खून
विनोद के चाचा सुभाष ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी उनके भाई लाल सिंह से मिली थी। जब वे अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने विनोद की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि विनोद हमेशा अपने साथ मोबाइल फोन, पर्स और दस्तावेज रखता था, लेकिन घटना स्थल से ये सभी चीजें गायब मिलीं। शव पर कोई स्पष्ट चोट के निशान नहीं थे, हालांकि नाक के दाईं ओर से खून बह रहा था, जिससे मामला और संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

परिजनों ने जताया किसी अज्ञात व्यक्ति पर शक
परिजनों ने आशंका जताई है कि घटना के समय कार में कोई अज्ञात व्यक्ति मौजूद था, जो बाद में फरार हो गया और विनोद का मोबाइल भी अपने साथ ले गया। उनका कहना है कि इसी व्यक्ति की लापरवाही से विनोद की जान गई, क्योंकि उसने न तो समय रहते मदद की और न ही किसी को सूचना दी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि थाना संजौली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।