Loading...

शिमला के समरहिल में लंगर पकाते समय भड़की आग, कामगार झुलसा

PARUL • 11 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

राजधानी शिमला के उपनगर समरहिल के दुर्गा मंदिर में लंगर के लिए खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रिसाव से आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक कामगार झुलस गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समरहिल चौक पर स्थित दुर्गा मंदिर में आज शाम को लंगर होना था। जिसके लिए मंदिर के पास एक स्टोर में भोजन बनाया जा रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब एक बजे अचानक एक सिलेंडर से गैस का रिसाव हुआ और आग भड़क गई। आग तेजी से आसपास की दुकानों में फैलने लगी और वहां अफरा तफरी मच गई।

वहीं खाना बना रहा मस्त राम आग की चपेट में आ गया। स्टोर से आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार दुकानें बंद कर बाहर निकल गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसके बाद अग्निशमन विभाग को अग्निकांड की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बालूगंज अग्निशमन केंद्र से तुंरत दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।

इसके अलावा मॉल रोड और छोटा शिमला केंद्रों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। अग्निशमन केंद्र के प्रभारी गोपाल ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से करोड़ों की संपति को जलने से बचाया गया।