शिमला के होटलों में बढऩे लगी एडवांस बुकिंग, पर्यटन कारोबारियों ने ली राहत की सांस
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ है। इसके बाद अब पर्यटन कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। होटल कारोबारियों का कहना है कि अब बाहरी राज्यों से पर्यटकों के फोन एडवांस बुकिंग को आने लगे है। हालांकि अभी कम संख्या में ही एडवांस बुकिंग फाइनल हो पा रही है, लेकिन बारिश से राहत मिली तो आगामी दिनों में जल्द पर्यटन कारोबार गति पकडऩे लगेगा।
शिमला व आसपास के पर्यटन स्थलों में बीते दिनों से धूप खिली है। वहीं, सडक़ मार्ग भी बहाल हो रहे है। कम संख्या में ही सही लेकिन शिमला में अब पर्यटक आने शुरू हो गए है। इससे स्थानीय होटल संचालकों, दुकानदारों में उम्मीद जगी है कि आने वाले दिनों में पर्यटन कारोबार बढ़ सकता है। शिमला में पिछले दिनों से जारी बारिश व भू-स्खलन की घटनाओं के चलते पर्यटन कारोबार ठप हो गया था।
बारिश के चलते बाहरी राज्यों से कम संख्या में ही पर्यटक प्रदेश का रूख कर रहे था। हिल्सक्वीन शिमला में करीब दो माह बाद वीकेंड के लिए होटलों के करीब 50 फीसदी कमरे बुक हुए हैं। शिमला, धर्मशाला, कसौली और चायल में कमरों की एडवांस बुकिंग में इजाफा हुआ है।
हालांकि, मनाली अभी कम संख्या में ही सैलानी पहुंच रहे हैं। सैलानियों की आमद शुरू होने के बाद होटल कारोबारियों ने छुट्टियों पर भेजा स्टाफ भी वापस बुलाना शुरू कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकतर सैलानियों ने कमरों की बुकिंग की है।
