Loading...

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिट्टा तस्करी मामले में पंजाब का एक और आरोपी गिरफ्तार

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 9 Mar 2026, 2:04 PM | Updated: 9 Mar 2026, 2:05 PM 1 min read

शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए पंजाब से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस बैकवर्ड लिंक खंगालते हुए पूरे नशा तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

शिमला

चिट्टा बरामदगी के बाद सप्लाई नेटवर्क तक पहुंची पुलिस

सदर थाना शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान चिट्टा मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी चरणजीत सिंह उर्फ विक्की (38) पुत्र स्वर्ण सिंह निवासी अमरकोट तहसील पट्टी जिला तरनतारन (पंजाब) को चंडीगढ़ के सेक्टर-28सी से गिरफ्तार किया।

पहले भी दर्ज है एनडीपीएस एक्ट का मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी चरणजीत सिंह का नाम पहले भी नशा तस्करी के मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-36 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह पूर्व में भी इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है।

5 मार्च की कार्रवाई से खुला नेटवर्क

दरअसल 5 मार्च को सदर थाना शिमला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बलजिंदर सिंह (28) और लवप्रीत सिंह (23) दोनों निवासी अमरकोट तहसील पट्टी जिला तरनतारन (पंजाब) को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 5.990 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर सप्लाई चेन और बैकवर्ड लिंक की गहन जांच शुरू की।

पूरे गिरोह की जांच में जुटी पुलिस

जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चरणजीत सिंह उर्फ विक्की की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।

नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एनडीपीएस एक्ट के तहत 68 मामले दर्ज किए जा चुके हैं और 128 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।