Loading...

शिमला-मटौर नेशनल हाईवे पर खाई में गिरी टेंपो ट्रैक्स, 9 लोग जख्मी

By Ankita Published: 25 Dec 2023, 3:38 PM | Updated: 25 Dec 2023, 3:38 PM 1 min read

HNN/बिलासपुर

जिला बिलासपुर में शिमला-मटौर नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां नम्होल के साथ लगते बाग खुर्द के पास एक टेंपो ट्रैक्स खाई में गिर गई। हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, टेंपो ट्रैक्स में सवार होकर पर्यटक बिलासपुर से शिमला की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नम्होल के साथ लगते बाग खुर्द नामक जगह पर पहुंचते ही तो तीखे मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी में सवार 9 लोग घायल हो गए हैं। जिनमें 5 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। घटना की खबर लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की इस बाबत जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खाई में उतरकर सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स कोठीपुरा पहुंचाया। डीएसपी हेड क्वार्टर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।