शिमला में अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी गिरोह से जुड़े मामले में सीआईडी कर्मचारी गिरफ्तार
नशा तस्कर संदीप शाह गिरोह की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। बैंक खातों में संदिग्ध लेन-देन के सबूत मिलने पर शिमला पुलिस ने सीआईडी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है।
शिमला
सीआईडी कर्मचारी गिरफ्तार
शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय चिट्टा तस्करी मामले में सीआईडी में तैनात रजत नामक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। रजत पहले जिला पुलिस में भी सेवाएं दे चुका है। जांच में उसके बैंक खातों से संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई।
गिरोह पर अब तक की कार्रवाई
पुलिस अब तक गिरोह के सरगना संदीप शाह समेत 69 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से 59 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है। अब रजत समेत नए आरोपियों के खिलाफ अनुपूरक आरोपपत्र पेश किया जाएगा।
सीआईडी की जांच भी शुरू
सूचना मिलने के बाद स्टेट सीआईडी ने भी इस मामले में आंतरिक जांच शुरू कर दी है। सीआईडी के अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तारी के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
कोलकाता से चला रहा था नशे का नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना संदीप शाह कोलकाता में बैठकर दिल्ली से नशे का कारोबार नियंत्रित करता था। वह बेरोजगार और नशे के आदी युवाओं का इस्तेमाल करता था। शिमला पहुंचाई गई खेप को वह छोटी-छोटी मात्रा में छिपाकर शहर और आसपास के क्षेत्रों में बांटता था। खरीदार से पेमेंट मिलने के बाद लोकेशन और वीडियो भेजकर सप्लाई करवाई जाती थी।
तकनीक से छिपाता था पहचान
सॉफ्टवेयर इंजीनियर संदीप शाह डार्क वेब और वर्चुअल नंबर का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाता रहा। कई सालों तक उसने तकनीक की मदद से शिमला और अन्य क्षेत्रों में नशा तस्करी का रैकेट चलाया।