Loading...

CYBER FRAUD / शिमला में पेंशनर से साइबर ठगी में 12 लाख की चपत, मोबाइल हैक कर 10 से ज्यादा ट्रांजेक्शन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 11 Jun 2025 • 1 Min Read

शिमला

बैंक एप पर निजी जानकारी साझा करने के बाद बुजुर्ग का मोबाइल हैक, साइबर ठगों ने एक ही रात में खाली कर दिया खाता

बैंक एप पर जानकारी साझा करना पड़ा भारी
शिमला जिला के कुमारसैन निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग पेंशनर साइबर ठगों के झांसे में आकर 12 लाख रुपये की रकम गंवा बैठे। पीड़ित ने 6 जून को ऑनलाइन बैंकिंग के लिए बैंक के एप पर अपनी निजी जानकारी साझा की। इसके कुछ देर बाद ही उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया और फोन हैक हो गया।

एक ही रात में उड़ाए लाखों रुपये
मोबाइल हैक होने के बाद 7 जून की रात करीब 9:15 बजे बुजुर्ग के खाते से 10 से 12 बार में कुल 12 लाख रुपये निकाल लिए गए। बैंक से लगातार आ रहे मैसेजों से उन्हें इस ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क किया और बाद में कुमारसैन थाना में शिकायत दर्ज करवाई।

पेंशनरों पर बढ़ रही साइबर ठगों की नजर
पुलिस के अनुसार, साइबर ठग अब खासतौर पर पेंशनर्स और बुजुर्गों को निशाना बना रहे हैं क्योंकि इनके खातों में रिटायरमेंट फंड होता है और ये सोशल मीडिया पर भी अधिक सक्रिय रहते हैं। फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट और अन्य तकनीकों से ठगी की जा रही है।

सावधानी और जागरूकता है सबसे बड़ा हथियार
डीआईजी साइबर क्राइम मोहित चावला ने कहा कि ऐसे मामलों से बचने के लिए सोशल मीडिया पर आने वाले अंजान लिंक पर क्लिक न करें। बैंकिंग और इंटरनेट के लिए अलग-अलग मोबाइल का उपयोग करें और पिन आधारित सुरक्षित एप का इस्तेमाल करें। यदि साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत 1930 पर कॉल करें।