शिमला में मकान मालिक के घर से लाखों की नकदी और गहने चोरी, परवाणू से पकड़े गए आरोपी
राजधानी शिमला में ढली थाना के जुंगा क्षेत्र से घर में चोरी कर फरार हुए नेपाली दंपती को पुलिस ने परवाणू से गिरफ्तार कर लिया। दोनों नेपाल भागने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की नकदी और गहने बरामद कर लिए हैं।
शिमला
शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मकान मालिक विजय कुमार निवासी गांव नोहा ने ढली थाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनके घर से नकदी और गहने चोरी हो गए हैं। शिकायत के अनुसार नेपाली मूल के प्रकाश बहादुर (25) और उसकी पत्नी निर्मला (21) पिछले 9 महीने से उनके घर में नौकर के तौर पर रह रहे थे। 23 सितम्बर की रात परिवार जागरण में गया था और अगली सुबह चोरी का खुलासा हुआ।
चोरी गई नकदी और गहने
घर लौटने पर पाया गया कि अलमारी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखे लगभग 90 हजार रुपये नकद, 17 ग्राम की सोने की चेन और पत्नी का मंगलसूत्र चोरी हो चुका है। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3.15 लाख रुपये बताई गई।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और वीरवार देर रात परवाणू से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से 86,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन और मंगलसूत्र बरामद किया गया। शिकायतकर्ता ने मौके पर ही बरामद सामान की पहचान की।
अदालत में पेश होंगे आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश बहादुर पुत्र तिलक बहादुर और उसकी पत्नी निर्मला, निवासी जिला अच्छाम, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 305 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है और दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।