Loading...

भगवान परशुराम की देव पालकी को कंधा लगाकर डिप्टी सीएम ने किया अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का भव्य आगाज

Shailesh Saini • 11 Mins Ago • 1 Min Read

मां-बेटे के पावन मिलन को उमड़ा आस्था का सैलाब, ढोल-नगाड़ों और देव जयकारों से गूंज उठी रेणुका घाटी

हिमाचल नाऊ न्यूज श्री रेणुका जी

मां-बेटे के अटूट प्रेम, सदियों पुरानी देव परंपराओं और धार्मिक आस्था के प्रतीक अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का वीरवार को भव्य एवं पारंपरिक अंदाज में शुभारंभ हो गया। हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भगवान परशुराम की देव पालकी को कंधा लगाकर इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत आगाज किया। इस दौरान समूची रेणुका घाटी भगवान परशुराम और माता रेणुका के जयकारों से गुंजायमान हो उठी।

ददाहू खेल मैदान में देव पूजन के साथ मेले के शुभारंभ की धार्मिक रस्में अदा की गईं। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने देव परंपराओं का निर्वहन करते हुए भगवान परशुराम की पालकी को कंधा लगाया और भव्य देव शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।

दोपहर करीब तीन बजे ददाहू खेल मैदान से शुरू हुई देव शोभायात्रा ददाहू बाजार, गिरिपुल, बड़ोन और देवशिला होते हुए रेणुका जी मेला मैदान की ओर रवाना हुई। विभिन्न देवी-देवताओं की सुसज्जित पालकियां, पारंपरिक वाद्य यंत्र, शंखनाद और ढोल-नगाड़ों की थाप ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देव पालकियों के साथ नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान परशुराम वर्ष में एक बार अपनी माता रेणुका से मिलने इस पवित्र तीर्थ पर आते हैं। मां-बेटे के इसी अलौकिक मिलन की स्मृति में सदियों से अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन किया जाता है। देव पालकियों के त्रिवेणी संगम पहुंचने पर मां रेणुका और भगवान परशुराम के पारंपरिक मिलन की रस्म निभाई जानी है। इस पावन क्षण के दर्शन के लिए हिमाचल सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु रेणुका जी पहुंचे हैं।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेशवासियों को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हिमाचल की समृद्ध देव संस्कृति, लोक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राचीन परंपराएं ही हिमाचल की वास्तविक पहचान हैं। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित करवाते हैं।

नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला सिरमौर की आन, बान और सांस्कृतिक शान का प्रतीक है। माता रेणुका और भगवान परशुराम के पावन मिलन की यह परंपरा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कारों और सामाजिक एकता की मजबूत पहचान है। उन्होंने कहा कि सिरमौर की देव संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण करना हम सभी का दायित्व है। ऐसे आयोजन हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।

मेले के शुभारंभ पर रेणुका घाटी में आस्था और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु, देव वाद्य यंत्रों की गूंज और भव्य देव पालकियों ने पूरे आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। श्रद्धालुओं के उत्साह और भक्ति भाव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला हिमाचल की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का अनमोल हिस्सा है।

सड़क मार्ग से पहुंचे डिप्टी सीएम, कालाअंब में हुआ स्वागत

अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के शुभारंभ के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री वीरवार को सड़क मार्ग से जिला सिरमौर पहुंचे। जिले के प्रवेश द्वार कालाअंब में प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के कई उद्योगपति भी उपमुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मौजूद रहे। इसके बाद उपमुख्यमंत्री श्री रेणुका जी के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने देव पूजन और भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा में भाग लेकर अंतरराष्ट्रीय मेले का विधिवत शुभारंभ किया।