शिमला में युवक ने युवती के साथ की छेड़छाड़, मामला दर्ज
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में एक युवक द्वारा पैदल जा रही युवती के साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय युवती ने इस बाबत आरोपी के खिलाफ ढली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 354, 354-डी, 509 व 294 के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ संजौली स्थित गुरुद्वारे से बस स्टॉप संजौली की तरफ पैदल आ रही थी। इस दौरान एक युवक पीछे से आया और उसने युवती को टच किया। जिसके बाद आरोपी ने अपना नाम कुलदीप बताया और कहा कि मैं तुम्हें जानता हूं।
जिसके बाद युवती अपनी सहेली के साथ छोटा शिमला जाने वाली निजी बस में चढ़ गई। आरोपी भी उसी बस में बैठ गया और युवती को गंदे इशारे और गालियां देने लगा। पीड़िता के अनुसार आरोपी संजौली से छोटा शिमला तक उनका पीछा करता रहा। लिहाज़ा शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।