शिमला में रेस्टोरेंट में काम करने वाले 21 वर्षीय युवक की हत्या, आरोपी फरार
आरोपी ने मालरोड पर पुलिस कंट्रोल रूम के सामने दिया वारदात को अंजाम
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक 21 वर्षीय युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय मनीष उपमंडल चौपाल, जिला शिमला निवासी के तौर पर हुई है।
बता दें आरोपी ने मालरोड पर पुलिस कंट्रोल रूम के सामने इस वारदात को अंजाम दिया है। हालाँकि आरोपी इस वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष मालरोड के वेक एंड बेक नामक रेस्टोरेंट में काम करता था। रात करीब 2 बजे रेस्टोरेंट में घुसकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे मनीष बुरी तरह से घायल हो गया।
युवक लहूलुहान हालत में मदद के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष पहुंचा। जिसे पुलिस अधिकारी उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन सोमवार तड़के सुबह उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार को भी बरामद कर लिया है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने मामले की पुष्टि की है।