Loading...

FIR / जुब्बल में सड़क किनारे मिला युवक का खून से लथपथ शव, हत्या की जांच शुरू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

FIR / शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में नेपाली मूल के युवक हिरेन्द्र का खून से लथपथ शव सड़क किनारे मिला है। उसके सिर, मुंह और गर्दन के आसपास गंभीर चोटों के निशान पाए गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेने के बाद बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

शिमला/जुब्बल

जानकारी के अनुसार, मृतक हिरेन्द्र कई वर्षों से जुब्बल में रह रहा था। मंडोल गांव निवासी साहिल भीमटा अपने साथियों सक्षम, अखिल और हर्ष के साथ नवरात्र के अवसर पर हटकोटी मंदिर गए थे। मंदिर में दर्शन और शाम का भोजन करने के बाद चारों सक्षम की कार से मंडोल लौट रहे थे। डोची से कुछ पहले हाईवे पर उन्हें एक व्यक्ति औंधे मुंह पड़ा दिखाई दिया। कार रोककर पास जाने पर उन्होंने देखा कि वह बेहोश था और उसके शरीर से काफी खून बह चुका था।

साहिल और हर्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी तथा एंबुलेंस को मौके पर बुलाया। एंबुलेंस कर्मियों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लिया। पुलिस को घटनास्थल के पास नाले की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर खून के निशान भी मिले हैं। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर इन निशानों और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Related Topics: •