शिमला में सोशल मीडिया पर उकसाने वाले 35 लोगों की पहचान
HNN/शिमला
शिमला पुलिस ने संजौली मस्जिद में हुए प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर उकसाने वाले 35 लोगों की पहचान की है। इन लोगों पर आरोप है कि वे लगातार सोशल मीडिया पर लोगों को विशेष समुदाय के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं। साइबर सेल की टीम ऐसे लोगों पर लगातार निगरानी रखे हुए है और जल्द ही इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
संजौली में 11 सितंबर को हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने आठ एफआईआर दर्ज की हैं। इसमें धारा 163 को तोड़ने, पुलिस पर पत्थरबाजी करना, और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य मामले शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन से पहले संजौली में दो जगह बैठकें हुईं थीं, जिनमें प्रदर्शन की पूरी योजना बनाई गई थी।
पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाजी करने वाले 70 लोगों की पहचान कर ली है और जल्द ही इनकी गिरफ्तारी हो सकती है। इसके अलावा, पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिसने वक्फ बोर्ड की संपत्ति को लेकर भ्रामक प्रचार किया था। एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।