शिमला में 5 दिन से लापता बुजुर्ग महिला का कनलोग के जंगल में मिला शव
राजधानी के आईजीएमसी से रहस्यमय हालात में लापता हुई महिला की तलाश मंगलवार को दुखद मोड़ पर पहुंची, जब उनका शव जंगल में मिला
शिमला
न्यू शिमला थाना क्षेत्र के कनलोग जंगल में मिला शव, पांच दिन से चल रही थी तलाश
आईजीएमसी अस्पताल से हुई थीं लापता
संकटमोचन क्षेत्र की 76 वर्षीय संजोगता नाग 19 जून को अपनी बेटी के साथ इलाज के लिए आईजीएमसी अस्पताल पहुंची थीं। न्यू ओपीडी बिल्डिंग के पास वे अचानक बेटी से बिछड़ गईं और उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। शाम को आखिरी बार उन्हें सीसीटीवी में कनलोग की ओर जाते हुए देखा गया था।
परिजनों और पुलिस ने की थी व्यापक तलाश
गुमशुदगी की रिपोर्ट लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई थी। तलाश के लिए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की भी मदद ली, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। उनकी बड़ी बेटी नीरुपमा शर्मा ने सोशल मीडिया के ज़रिए आम लोगों से भी मदद की अपील की थी।
भूलने की बीमारी से थीं पीड़ित, रास्ता भटकने की आशंका
परिवार के अनुसार संजोगता नाग मधुमेह से पीड़ित थीं और उन्हें भूलने की बीमारी भी थी। लापता होने के समय उन्होंने भूरे रंग का सूट, काला चश्मा और नीला सर्जिकल मास्क पहना हुआ था। परिजन आशंका जता रहे थे कि वे रास्ता भटक गई होंगी।
कनलोग जंगल में शव मिलने से गहराया शोक
मंगलवार को पुलिस को कनलोग के जंगल में एक महिला के शव की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव की पहचान संजोगता नाग के रूप में की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।