शिमला-रामपुर एनएच-5 पर हुआ भूस्खलन, वाहनों की लगी लंबी-लंबी कतारें
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला के ठियोग के पास शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-5 पर भूस्खलन हुआ है। वहीं भूस्खलन होने से वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह से ठप है। दोनों तरह वाहनों इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और राजधानी से ऊपरी शिमला का सम्पर्क कटा रहा। इसके साथ ही आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह ठियोग के पास शिमला-रामपुर नेशनल हाईवे-5 पर भूस्खलन हुआ। ठियोग से महज 200 मीटर की दूरी पर अचानक ऊपरी पहाड़ी से भूस्खलन हुआ। ऐसे में सड़क का एक हिस्सा कट गया। बता दें यह हाइवे हिंदुस्तान-तिब्बत हाइवे के रूप में जाना जाता है, जो जनजातीय जिला किन्नौर से होते हुए तिब्बत सीमा की ओर जाता है।
इस हाईवे के अवरुद्ध होने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी तुरंत हरकत में आई और मशीनरी लगाकर हाईवे को दो घंटे बाद एक तरफ के लिए बहाल किया। भूस्खलन की वजह से लंबे रूट की रामपुर व रोहड़ू बस फंसने से यात्रियों को अपने-अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।
इसके अलावा कोटखाई, जुब्बल, चौपाल, नेरवा, किन्नौर और नारकंडा जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी हुई। हालाँकि गनीमत यह रही कि हादसे में किसी तरह का कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है।
