शिमला संसदीय क्षेत्र से सुरेश कश्यप के टिकट पर लगी मोहर
कश्यप ने पीएम मोदी, जेपी नड्डा का जताया आभार, बोले… भरोसे पर उतरूंगा खरा
HNN/शिमला
आखिर भाजपा के द्वारा हिमाचल प्रदेश के भावी प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी गई है। शिमला संसदीय सीट पर शीर्ष नेतृत्व ने एक बार फिर से पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप पर भरोसा जताया है। सुरेश कश्यप का टिकट फाइनल होने के बाद शिमला संसदीय क्षेत्र में खुशी की लहर है।
सुरेश कश्यप को बधाईयों का सिलसिला मिलना भी शुरू हो चुका है। सुरेश कश्यप ने कहा कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने एक छोटे से कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि निश्चित ही वह संगठन और शीर्ष नेतृत्व की उम्मीद पर खरा उतरेंगे।
उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि एक बार फिर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की ही सरकार बनेगी। वहीं प्रदेश के हमीरपुर संसदीय सीट से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर फिर भरोसा जताया गया है। मंडी और कांगड़ा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी अभी तय नहीं हुए हैं।
सुरेश कश्यप को एक बार फिर शिमला पार्लियामेंट्री से टिकट दिए जाने पर जिला सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने उन्हें बधाई देते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है।
वहीं पूर्व मंत्री एवं विधायक पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र सुखराम चौधरी ने भी सुरेश कश्यप को फिर से पार्टी नेतृत्व का भरोसा मिलने पर बधाई दी है। सुखराम चौधरी ने कहा कि केंद्र में एक बार फिर मोदी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सुरेश कश्यप को भारी मतों के साथ विजय बनाया जाएगा।