Loading...

शिलाई: रोनहाट में शॉर्ट सर्किट से हादसा, करंट लगने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत

Shailesh Saini • 17 Oct 2025 • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ रोनहाट/शिलाई:

जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र के रोनहाट उपतहसील में बीती रात एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया, जिसमें करंट लगने से एक व्यक्ति की जान चली गई।

कपड़ों पर प्रेस (आयरन) करते समय तार शॉर्ट सर्किट होने के कारण यह घटना हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, कफोटी गाँव (उपतहसील रोनहाट) के 49 वर्षीय फकीरचंद पुत्र कालिया गुरुवार देर रात प्रेस लगा रहे थे।

इसी दौरान प्रेस की तार में शॉर्ट सर्किट हुआ और फकीरचंद को ज़ोरदार करंट का झटका लगा। घटना के बाद, गंभीर हालत में उन्हें परिजन तत्काल शिलाई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

शिलाई अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।शुक्रवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

उधर, शिलाई के एसडीएम जसपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार को प्रदेश सरकार की ओर से 25 हज़ार रुपये की तत्काल राहत राशि जारी कर दी गई है। यह दुखद घटना क्षेत्र में बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को लेकर सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है।